
हरिश्चन्द्र कॉलेज में UGC बिल के समर्थन में छात्रों का जुलूस, प्रशासन से धक्का-मुक्की के बाद परिसर में ही धरने पर बैठे छात्र
वाराणसी। मैदागिन स्थित हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब छात्रों ने यूजीसी बिल के समर्थन में परिसर के अंदर जुलूस निकाला। छात्र नारेबाजी करते हुए पूरे परिसर में घूमे और इसके बाद कॉलेज गेट की ओर जाने का प्रयास किया, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें बाहर जाने से रोक दिया।
गेट पर रोके जाने पर बढ़ा तनाव
जैसे ही छात्र गेट की ओर बढ़े, मौके पर मौजूद जिला प्रशासन और पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान विजय प्रताप सिंह (एएसपी कोतवाली) और ईशान सोनी थाना प्रभारी कोतवाली दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। छात्रों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे माहौल और गर्म हो गया।
परिसर में ही जमीन पर बैठकर रखी बात
पुलिस की सख्ती के बाद छात्र गेट तक नहीं जा सके और परिसर के अंदर ही जमीन पर बैठ गए। छात्रों ने शांतिपूर्वक बैठकर अपनी मांगों और समस्याओं को सामने रखा। छात्रों का कहना था कि वे यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाना चाहते हैं
छात्र नेताओं की रही सक्रिय भूमिका
इस पूरे आंदोलन के दौरान छात्रों का नेतृत्व कर रहे प्रमुख चेहरों में शिवम यादव, रोहित यादव, मनीष सोनी, राहुल कन्नौजिया, चन्दन सोनकर, विवेक कुमार, शिवा सोनकर और मुहम्मद आसिफ सहित कई छात्र उपस्थित रहे। सभी छात्रों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
स्थिति पर रखी गई नजर
प्रशासन की मौजूदगी के कारण स्थिति को नियंत्रित रखा गया और किसी भी तरह की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। देर तक कॉलेज परिसर में छात्रों और प्रशासन के बीच संवाद की कोशिश चलती रही। फिलहाल मामला शांत बताया जा रहा है, लेकिन छात्रों की मांगों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा जारी है।