logo

मंडुवाडीह चौराहे पर सुबह-सुबह लगा भीषण जाम, स्कूली बसें, एंबुलेंस फंसी, राहगीर हुए हलकान



वाराणसी। मंडुवाडीह चौराहे पर शुक्रवार सुबह बीषण जाम लगा। इससे आमजन के साथ-साथ यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडुवाडीह चौराहे से महमूरंगज मार्ग और बनारस रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह जाम हो गया, जहां वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। जाम में स्कूली वाहन और एंबुलेंस भी फंसी रहीं। इससे यात्रियों के साथ ही स्कूली बच्चों और मरीजों व तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ी।
सबसे अधिक प्रभावित बनारस रेलवे स्टेशन मार्ग रहा। सुबह के व्यस्त समय में जब लोग ट्रेन पकड़ने, दफ्तर पहुंचने और बच्चों को स्कूल-कॉलेज छोड़ने के लिए निकलते हैं, उसी दौरान स्टेशन रोड पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। कई यात्रियों को ट्रेन छूटने का डर सताता रहा, जबकि एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंसते दिखे।

जाम का असर मंडुवाडीह चौराहे से लेकर स्टेशन प्रवेश द्वार के आगे ककरमत्ता पुल तक साफ देखा गया। सड़क पर कदम-कदम पर फंसे वाहन और हताश चेहरे इस बात की गवाही दे रहे थे कि यह समस्या अब अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडुवाडीह चौराहा–महमूरंगज मार्ग और स्टेशन रोड पर जाम लगना अब रोजमर्रा की बात हो गई है।



सुबह ही नहीं, बल्कि दोपहर, शाम और रात-हर समय इस इलाके में ट्रैफिक का भारी दबाव बना रहता है। कार्यालय समय, स्कूल छुट्टी के वक्त और ट्रेन आगमन-प्रस्थान के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं। जाम की मुख्य वजहों में वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या, चौराहे पर अव्यवस्थित ट्रैफिक संचालन, सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। इसके अलावा स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर अत्यधिक यातायात दबाव भी जाम को और गंभीर बना देता है।

स्थानीय नागरिकों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों ने प्रशासन से जल्द राहत की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि मंडुवाडीह चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और ट्रैफिक संचालन के लिए ठोस व स्थायी योजना लागू की जाए, तो स्थिति में सुधार संभव है।

3
332 views