logo

जगदलपुर एसीबी ने बीईओ कार्यालय के लिपिक को 40हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में जगदलपुर एसीबी की टीम ने कोंडागांव के बीईओ कार्यालय के लिपिक सतीश सोढ़ी को सेवानिवृत्त शिक्षक से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है ।लिपिक ने सेवानिवृत्त शिक्षक से पेंशन प्रकरण को निपटाने के एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत मांगा था। सेवानिवृत्त शिक्षक ने इसकी शिकायत एसीबी जगदलपुर से की थी। एसीबी की टीम ने आज शुक्रवार काे बीईओ कार्यालय के लिपिक सतीश सोढ़ी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार मिडिल स्कूल सरपंच पारा, राणापाल में शिक्षक के पद पर पदस्थ रहे, सोनसिंह यादव 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्त के बाद उन्होंने अपनी पेंशन शुरू कराने के लिए जरूरी कागजात बनवाने की प्रक्रिया शुरू की। लेकिन पेंशन शुरू करवाने के लिए लगातार बीईओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान बीईओ कार्यालय में पदस्थ लिपिक सतीश सोढ़ी ने पेंशन प्रकरण तैयार कर आगे भेजने के बदले सोनसिंह यादव से 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

रिश्वत की इस मांग से परेशान होकर सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव ने एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई । शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने लिपिक को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। इसके बाद छापेमार कार्रवाई करते हुए लिपिक सतीश सोढ़ी को मौके पर ही 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद लिपिक को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उप पुलिस अधीक्षक रमेश मरकाम ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव ने एसीबी जगदलपुर में पेंशन प्रकरण को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि बीईओ कार्यालय का क्लर्क सतीश सोढ़ी पेंशन को लेकर 40 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है। इसी मामले में एसीबी की टीम ने लिपिक सतीश सोढ़ी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

29
1301 views