
सुदूरवर्ती इलाके पहुंची कस्तूरबा विद्यालय का प्रचार रथ, वार्डेन ने दी नामांकन की जानकारी
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन अभियान तेज, सुदूर क्षेत्रों तक पहुंची टीम
गरीब व अभिवंचित वर्ग की बेटियों को शिक्षा से जोड़ना हीं विभाग का है मुख्य संकल्प : वार्डेन
विष्णुगढ़। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में सत्र 2026–27 के लिए कक्षा छह और सात में नामांकन को लेकर विद्यालय की विशेष टीम ने व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया। सर्वशिक्षा अभियान के तहत टीम ने चलकरी, विरहोर टोला, अलकिलवा, रंगा माटी, कोनार डैम, नागी और गझंडी जैसे सुदूरवर्ती इलाकों का भ्रमण कर अभिवंचित व पिछड़े वर्ग की छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को जागरूक किया।
प्रचार के दौरान टीम ने प्रावि रंगामाटी, उमवि गझंडी और रा प्रावि विरहोर टोला सहित अन्य विद्यालयों का भी दौरा किया तथा विद्यालय प्रभारियों से गरीब छात्राओं को कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन के लिए प्रेरित करने की अपील की।
टीम का नेतृत्व वार्डेन ज्योति वर्मा ने किया। उनके साथ विद्यालय एसएमसी अध्यक्ष रिंकी देवी, गार्ड सुषमा कुमारी, बालेश्वर प्रसाद और चालक सन्नी कुमार शामिल रहे। ग्रामीणों को विद्यालय में उपलब्ध निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन व अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।
वार्डेन ने कहा कि प्रचार प्रसार का मुख्य उद्देश्य शिक्षा से वंचित रह रही बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है। पारदर्शिता के साथ अभिवंचित और पिछड़े वर्ग की छात्राओं का नामांकन लेना है । अभियान से क्षेत्र में नामांकन के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।