logo

नरकटियागंज (बेतिया, बिहार) के अंडा व्यवसायी हत्या कांड का मामला

नरकटियागंज में अंडा व्यवसायी विजय साह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के एक नामजद आरोपी आजाद मियां उर्फ इरशाद मियां उर्फ छोटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी नगर के दिउलिया मोहल्ले का निवासी बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी उसके घर पर छापेमारी कर की गई। उन्होंने बताया कि मृतक विजय साह की पत्नी मायावती देवी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में शहजाद मियां और आजाद मियां समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया था। हालांकि एफआईआर में आजाद मियां के पिता का नाम दर्ज नहीं होने और उसके एक से अधिक नाम होने के कारण गिरफ्तारी में कुछ विलंब हुआ। अनुसंधान के दौरान उसके अन्य नाम सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी शहजाद मियां फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मृतक विजय साह का करीब 18 लाख रुपये का बीमा था, जिससे हत्या के पीछे संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि विजय साह का शव नगर के रेलवे ढाला के पास बरामद हुआ था, जिसके सिर में गोली मारी गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

0
110 views