logo

धनबाद मेयर चुनाव में बागी तेवर बरकरार, मुकाबला हुआ और भी दिलचस्प

धनबाद मेयर चुनाव में बागी तेवर कायम, पूर्व विधायक संजीव सिंह मैदान में डटे, मुकाबला और हुआ दिलचस्प

धनबाद-:धनबाद नगर निगम के महापौर पद को लेकर चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर भी राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। पूर्व विधायक संजीव सिंह ने नाम वापस नहीं लेकर अपने बागी तेवर बरकरार रखे, जिससे मेयर चुनाव का मुकाबला और अधिक गरमा गया है।

वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी नीलम मिश्रा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद शेखर अग्रवाल झामुमो के एकमात्र अधिकृत उम्मीदवार रह गए हैं। नाम वापसी के बाद अब कुल 29 प्रत्याशी महापौर पद की दौड़ में बने हुए हैं।

भाजपा खेमे में भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पार्टी की ओर से बागी उम्मीदवारों को मनाने की कोशिशें तेज रहीं, लेकिन अंतिम समय तक कोई भी बागी प्रत्याशी नाम वापस लेने को तैयार नहीं हुआ।

मुकेश पांडेय और भृगुनाथ भगत जैसे चर्चित चेहरे भी पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे हुए हैं।
शनिवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जिसके बाद प्रचार अभियान अंतिम चरण में प्रवेश करेगा। बागी उम्मीदवारों की मौजूदगी ने मुकाबले को त्रिकोणीय ही नहीं, बल्कि बहुकोणीय बना दिया है, जिससे चुनावी गणित और जटिल हो गया है।

धनबाद की राजनीति में यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। जहां राजनीतिक दल अपनी प्रतिष्ठा की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं जनता के लिए यह चुनाव शहर के विकास और बेहतर प्रशासन की दिशा तय करेगा। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि बागी तेवरों के बीच किसके सिर जीत का ताज सजेगा।

36
2197 views