logo

रसोई से राजनीति तक: विभा सिंह ने फूंका बदलाव का बिगुल, कहा - 'एक गृहिणी ही समाज को परिवार की तरह संभाल सकती है!

चिरकुंडा: नगर परिषद चुनाव का शोर तेज हो गया है, और इस बार मैदान में एक ऐसी आवाज गूंजी है जिसने विरोधियों के कान खड़े कर दिए हैं। चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी विभा सिंह ने आज मीडिया से मुखातिब होते हुए साफ कर दिया कि उनकी लड़ाई केवल सीट जीतने की नहीं, बल्कि सिस्टम की सफाई की है।
मीडिया के कैमरों के सामने विभा सिंह ने बिना किसी लाग-लपेट के अपना एजेंडा साफ कर दिया। उनका कहना है, "मेरा पहला मुद्दा होगा भ्रष्टाचार मुक्त नगर परिषद"। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक भ्रष्टाचार का दीमक नहीं हटेगा, तब तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनता की दहलीज तक नहीं पहुंच पाएंगी। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर वे जीतकर आती हैं, तो पुराने भ्रष्टाचार की फाइलों पर धूल नहीं जमने देंगी। "एकदम जांच बैठाएंगे," उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा, "मेरा मुख्य मुद्दा वही है"।
विभा सिंह के तेवरों से साफ है कि वे केवल चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि व्यवस्था बदलने आई हैं। अब देखना यह होगा कि चिरकुंडा की जनता इस 'गृहलक्ष्मी' को शहर की 'नगर-लक्ष्मी' के रूप में कितना स्वीकार करती है।

6
406 views