logo

बीपीएस महिला विश्वविद्यालय में महिलाओं के लिए निःशुल्क कटिंग-टेलरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम

खानपुर कलां-6 फरवरी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के फैशन टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा
महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से एंटरप्रेन्योरशिप कम स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत कटिंग एवं टेलरिंग का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने बताया कि यह प्रशिक्षण 6 सप्ताह यानी 42 दिन की अवधि का होगा, जिसमें प्रतिभागियों को गारमेंट कंस्ट्रक्शन हेतु बेसिक से एडवांस कटिंग तकनीक, सिलाई कौशल, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क है । कुलपति ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक सिलाई तकनीकों में दक्ष बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रो सुदेश ने कहा कि महिलाओं तथा समाज के विकास में सहयोग के लिए महिला विश्वविद्यालय सदैव तत्पर रहता है। इसी कड़ी में यह एक और पहल महिला विश्वविद्यालय द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि इच्छुक महिलाएं अपने कौशल का विकास करने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में आकर आवेदन कर सकती हैं।

उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने एवं इसे अन्य महिलाओं के साथ साझा करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ सकें।

फोटो कैप्शन :- महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश।

0
100 views