logo

जमालपुर लोको शेड की बड़ी तकनीकी सफलता: 12,000 हॉर्स पावर वैग-12 लोको का प्रथम ट्रिप निरीक्षण सफल!

रामनगर-नरकटियागंज,_ _प०चम्पारण(बिहार)_
_06-02-2026_


मालदा मंडल के अंतर्गत जमालपुर लोको शेड ने भारतीय रेल के अत्याधुनिक और उच्च क्षमता वाले 12,000 हॉर्स पावर वैग-12 विद्युत मालगाड़ी लोकोमोटिव का पहली बार ट्रिप निरीक्षण (टीआई) सफलतापूर्वक पूरा कर एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि हासिल की है। यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डी), जमालपुर श्री कृष्ण कुमार दास के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
लोको संख्या 65008 (बी यूनिट/वैग-12) को निर्धारित ट्रिप निरीक्षण अनुसूची के तहत जमालपुर लोको शेड में तकनीकी परीक्षण एवं मरम्मत के लिए लाया गया था। निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम ने पाया कि 65008ए यूनिट का इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक वेंट वाल्व (ईबीवी) जाम होने के कारण ब्रेक पाइप (बीपी) का दाब नहीं बन पा रहा था। इस तकनीकी दोष के चलते लोको की परिचालन तत्परता प्रभावित हो रही थी और इसे तत्काल समाधान की आवश्यकता थी।
विशेष बात यह रही कि जमालपुर लोको शेड के कर्मचारियों के पास इस श्रेणी के 12,000 हॉर्स पावर के उच्च क्षमता वाले लोकोमोटिव पर पूर्व अनुभव नहीं था। इसके बावजूद तकनीकी कर्मचारियों ने अपनी दक्षता, सूझबूझ और समर्पण का परिचय देते हुए समस्या का सटीक निदान किया और सफलतापूर्वक उसका निराकरण किया। आवश्यक तकनीकी परीक्षणों और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद लोको को सेवा के लिए पूर्णतः फिट घोषित कर दिया गया।
यह उपलब्धि जमालपुर लोको शेड के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता, टीम भावना और नई तकनीकों को तेजी से अपनाने की क्षमता को दर्शाती है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जिस पेशेवर दक्षता और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया गया, वह भारतीय रेल की तकनीकी मजबूती का स्पष्ट प्रमाण है।
इस सफलता से मालगाड़ी परिचालन की निरंतरता और विश्वसनीयता को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह भी सिद्ध हुआ है कि मालदा मंडल का जमालपुर लोको शेड आधुनिक और उच्च क्षमता वाले लोकोमोटिवों के अनुरक्षण के लिए पूरी तरह सक्षम है। यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भरता और परिचालन दक्षता के लक्ष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

1
0 views