logo

देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में रेलवे प्रोजेक्ट से 15 लाख की चोरी का खुलासा


पन्ना | गुरुवार, 05 फरवरी 2026

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस द्वारा देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे प्रोजेक्ट में हुई बड़ी चोरी का सफल खुलासा करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये का चोरी गया इलेक्ट्रिकल सामान, घटना में प्रयुक्त एक छोटा पिकअप वाहन एवं एक मोबाइल फोन सहित कुल मशरूका लगभग 16,72,808 रुपये का जप्त किया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

फरियादी रामप्रसाद शर्मा पिता श्री कल्याण सहाय शर्मा (उम्र 50 वर्ष) निवासी ग्राम थौलाई, तहसील जमवा रामगढ़, जिला जयपुर (राजस्थान), हाल निवासी ग्राम फुलवारी, देवेंद्रनगर जिला पन्ना द्वारा थाना देवेंद्रनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि के3 कंस्ट्रक्शन कंपनी का नागौद से खजुराहो रेलवे स्टेशन तक कार्य प्रगतिरत है। ग्राम फुलवारी स्थित स्टेशन भवन के एक हाल में कंपनी का स्टोर बनाया गया था, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये का इलेक्ट्रिकल सामान रखा हुआ था।

फरियादी दिनांक 31.12.2025 को अपने गृह ग्राम गया हुआ था। इस दौरान साइट पर कंपनी का इंजीनियर अंकित माथुर मौजूद था। दिनांक 20.01.2026 को वापस आने पर इंजीनियर मौके पर नहीं मिला एवं उसका मोबाइल फोन बंद पाया गया। दिनांक 21.01.2026 को साइट पर जांच करने पर स्टोर रूम एवं बाहर रखा केबल, वायर, पीवीसी पाइप व अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री, जिसकी कीमत 15,17,808 रुपये है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी किया जाना पाया गया।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना देवेंद्रनगर में अपराध क्रमांक 57/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की कार्यवाही

थाना प्रभारी देवेंद्रनगर उप निरीक्षक संतोष यादव द्वारा घटना की गंभीरता से जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पन्ना श्री एस.पी. सिंह बघेल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। दिनांक 04.02.2026 को प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही अंकित माथुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया एवं बताया गया कि चोरी किया गया माल उसने राकेश गर्ग को बेच दिया है। इसके पश्चात राकेश गर्ग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई एवं उसके गोदाम से चोरी गया माल जप्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

अंकित माथुर पिता दिनेश माथुर, उम्र 35 वर्ष
निवासी 32, लीलाधर कॉलोनी, भानपुर, थाना छोलामंदिर, जिला भोपाल (म.प्र.)

राकेश गर्ग पिता रामकरण गर्ग, उम्र 39 वर्ष
निवासी हरदुआ मोहल्ला, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.)

जप्त सामग्री

इलेक्ट्रिकल सामान कुल कीमत 15,17,808 रुपये, जिसमें –

केबल पीबीसी 4x16 SQM के 04 ड्रम

25mm PVC पाइप (MMS एवं HMS)

पीवीसी बेंड, जंक्शन बॉक्स

विभिन्न साइज के इलेक्ट्रिकल वायर

घटना में प्रयुक्त एक छोटा पिकअप वाहन (कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये)

घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपये)

कुल जप्त मशरूका: लगभग 16,72,808 रुपये

उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी देवेंद्रनगर संतोष सिंह यादव,
प्र.आर. धीरेन्द्र सिंह, लक्ष्मी नारायण यादव, वीर नारायण सिंह,
आर. बृजेंद्र रैकवार एवं रोहित बागरी का का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।

297
4896 views