
अतिक्रमण से बंद रास्ते पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी
दरभंगा:- आधारपुर गांव के पश्चिम वाई टोल स्थित पोखर कामती टोला में अतिक्रमण से अवरुद्ध मुख्य सड़क की समस्या को लेकर मिथिला स्टूडेंट यूनियन की ओर से एक सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व छात्र नेता नारायण मिश्रा क्रांतिकारी एवं कुंदन राय ने किया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं।ग्रामीणों ने बताया कि पोखर कामती टोला की करीब 50 घरों वाली बस्ती का एकमात्र मुख्य रास्ता अतिक्रमण की वजह से पूरी तरह बंद पड़ा है। बिहार सरकार द्वारा सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कुछ लोगों के अतिक्रमण के कारण काम अधूरा रह गया। इससे लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।बैठक में मौजूद घुरघुरा कामती, मुनाई कामती, अंगद कामती और भुला कामती समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इस मौके पर छात्र नेता नारायण मिश्रा क्रांतिकारी ने कहा कि मिथिला स्टूडेंट यूनियन हमेशा जनता की आवाज उठाता रहा है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने प्रशासन से मामले का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।