logo

धनबाद में जेएमएम का 54वां स्थापना दिवस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले– आउटसोर्सिंग में 75% स्थानीय रोजगार अनिवार्य

धनबाद में जेएमएम का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री और विधायक हुए शामिल

धनबाद के रणधीर वर्मा गोल्फ ग्राउंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपना 54वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। हर वर्ष की तरह इस बार भी 4 फरवरी को जेएमएम का स्थापना दिवस धनबाद में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, मादक निषेध व उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, विधायक मथुरा महतो, उमाकांत रजक, पूर्व विधायक बेबी देवी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का लक्ष्य पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले समय में जेएमएम असम में भी चुनाव लड़ेगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड के लोगों को हमेशा भोला समझा गया और राज्य को सिर्फ मजदूर राज्य बनाकर रखा गया। उन्होंने कहा कि झारखंड को अलग राज्य बनाने के लिए कई लोगों ने संघर्ष किया और अपनी शहादत दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कोयला आउटसोर्सिंग कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने का कानून बनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनियों को स्थानीय लोगों को रोजगार देना ही होगा, अन्यथा स्थानीय लोग अपने हक के लिए कदम उठाने को मजबूर होंगे।

वहीं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन भले ही आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वे मानसिक रूप से आज भी पार्टी और कार्यकर्ताओं के साथ हैं। उन्होंने भी दोहराया कि जेएमएम असम में चुनाव लड़ेगी।

49
1401 views