नरसिंहपुर में 6 फरवरी को आयोजित होगा नि:शुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर
राज्य शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा 13 फरवरी 2026 तक "पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता माह" का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आमजन एवं पशुपालकों की सुरक्षा तथा पशु स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए शुक्रवार 6 फरवरी को जिला पशु पॉलीक्लीनिक नरसिंहपुर के प्रांगण में एक विशाल निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण एवं पशु जागरूकता शिविर का आयोजन प्रात: 10.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक किया जाएगा।
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुनील बृजपुरिया ने बताया कि यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। शिविर के दौरान न केवल पालतू श्वानों के साथ- साथ लावारिस श्वानों का प्राथमिकता से टीकाकरण किया जाएगा, ताकि जिले को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। साथ ही पशुपालकों को पशु कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी।
इस शिविर का संचालन पॉलीक्लीनिक की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जाएगा। टीकाकरण एवं परामर्श डॉ. नितिन किरार एव्हीएफओ, श्री बीएल प्रधान, छाया मुड़िया, आरती मुड़िया एवं अन्य सहायक स्टाफ की देखरेख में संपन्न होगा। पशुपालन विभाग ने जिले के समस्त नागरिकों और पशुपालकों से अपील की है कि वे इस शिविर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय पर अपने श्वानों का टीकाकरण कराकर उन्हें सुरक्षित करें।