logo

साइकिल, रिक्शा और ठेला चालकों को बड़ी राहत, लाइसेंस शुल्क पूरी तरह समाप्त


वाराणसी।नगर निगम वाराणसी ने आम जनता, छोटे व्यापारियों और श्रमिक वर्ग को बड़ी राहत देते हुए कई अहम फैसले किए हैं। अब शहर में साइकिल, रिक्शा, रिक्शा-ट्रॉली, ठेला और हाथ ठेला चलाने के लिए किसी भी प्रकार का लाइसेंस शुल्क नहीं देना होगा। इतना ही नहीं, इनका लाइसेंस बनवाने के लिए निगम के चक्कर लगाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।


मंगलवार को नगर निगम सभागार में हुई कार्यकारिणी बैठक में यह निर्णय अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में लिया गया। बैठक में उपविधियों (नियमावलियों) को सरल बनाने और लाइसेंस प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने पर भी सहमति बनी, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।

उपविधियों का होगा सरलीकरण
नगर निगम ने पेइंग गेस्ट, गेस्ट हाउस, होम स्टे, डोरमेट्री, निजी नर्सिंग होम, अस्पताल, पैथोलॉजी सेंटर, डेंटल क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड सेंटर, निजी बसें, स्कूल बसें, बीमा कंपनियां, होटल, लॉज, बार, मॉडल शॉप और शराब की दुकानों से जुड़ी उपविधियों को संशोधित कर सरल बनाने का फैसला लिया है। इसका उद्देश्य लाइसेंस प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाना है, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को सहूलियत मिल सके।



मलीन बस्तियों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
नगर निगम अधिनियम की धारा 91(2) के तहत मलीन बस्तियों (सेवा बस्तियों) में सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एक माह के भीतर सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अगले वित्तीय वर्ष में इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा सके।

वाराणसी।

जलकर सरचार्ज माफी और संशोधित बिल
कार्यकारिणी बैठक में जलकर सरचार्ज माफी के बाद अब तक संशोधित बिल जारी न होने का मुद्दा भी उठा। इस पर महापौर ने चार दिनों के भीतर संशोधित बिल जारी कराने और सरचार्ज माफी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि सभी भवन स्वामी इसका लाभ उठा सकें।


अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर फ्री वाई-फाई
पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने इसी माह के अंत तक अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर फ्री वाई-फाई सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। आगे अन्य प्रमुख घाटों पर भी यह सुविधा बढ़ाई जाएगी।

मीट-मांस की दुकानों के लिए अलग बाजार
शहर में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने मीट-मांस की दुकानों को व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है। शहर के चारों कोनों—पिसौर, चितईपुर, रामनगर-सुजाबाद क्षेत्र और सारनाथ (ऐढ़े)—में विशेष मीट मार्केट जोन विकसित किए जाएंगे, जहां पार्किंग और कचरा निस्तारण की आधुनिक व्यवस्था होगी।

अस्सी नाले पर बनेगा बैराज
बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत के लिए नगर निगम ने अस्सी नाले पर बैराज निर्माण का फैसला लिया है। इसके लिए सिंचाई विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिससे बारिश के दौरान शहर को जलभराव से बचाया जा सके।

महाशिवरात्रि से पहले गड्ढा मुक्त होंगे मार्ग
15 फरवरी को महाशिवरात्रि और पंचक्रोशी यात्रा को देखते हुए नगर निगम ने 12 फरवरी तक पंचक्रोशी मार्ग और प्रमुख शिव मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक की जाएंगी और सीवर ओवरफ्लो की समस्या दूर की जाएगी। इस बार यात्रा मार्ग को प्लास्टिक मुक्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

वाराणसी।

अन्य महत्वपूर्ण फैसले
कुत्तों के आतंक से निपटने के लिए 10 दिनों में एबीसी सेंटर शुरू किया जाएगा।

वाटर कूलरों की संख्या 18 से बढ़ाकर 28 की जाएगी।

निगम की गाड़ियों की पूरी जानकारी (जीपीएस, लॉगबुक, इंश्योरेंस) ऑनलाइन की जाएगी।

जर्जर यार्डों में सुधार और निर्माण कार्यों की लैब जांच कराई जाएगी।

सालों से एक ही पटल पर जमे कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाएगा।

दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) प्रक्रिया को तेज किया जाएगा।
व्यापक उपस्थिति
बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, पार्षद और अभियंता मौजूद रहे। नगर निगम का कहना है कि इन फैसलों से शहर की स्वच्छता, यातायात, व्यापार और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

8
655 views