logo

सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को सीबीएसई से इंटरमीडिएट तक की संबद्धता


जालौन। नगर के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से इंटरमीडिएट तक की संबद्धता प्राप्त हुई है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन द्वारा आगामी शैक्षिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रतिनिधि डॉ. नितिन मित्तल ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक में उनके पूर्वजों ने नगर में शिक्षा के विस्तार के लिए कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना में योगदान दिया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2008 में सेठ वीरेंद्र कुमार स्नातकोत्तर महाविद्यालय की स्थापना की गई, जिसने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नगर को नई पहचान दिलाई।
डॉ. मित्तल ने बताया कि अब इसी शैक्षिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट तक की मान्यता प्राप्त हुई है। विद्यालय में विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे नगर के विद्यार्थियों को सीबीएसई पैटर्न की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी शैक्षिक सत्र से कक्षा 9वीं एवं कक्षा 11वीं की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी तथा विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया मार्च माह से शुरू होगी। विद्यालय में आधुनिक शिक्षण संसाधन, अनुभवी शिक्षकों की टीम एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉ. मित्तल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक परिणामों तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को संस्कारवान, अनुशासित एवं प्रतिस्पर्धी बनाना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई, दीपक मित्तल, पुनीत मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट
राजू पाटकार...

4
1558 views