logo

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक मनोज चौधरी सहित राजस्व विभाग की टीम ने ओलावृष्टि से प्रभावित ग्रामों का किया निरीक्षण

हाटपिपल्या/नीरज सोलंकी

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक मनोज चौधरी एवं राजस्व विभाग की टीम ने देवास जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित ग्रामों का निरीक्षण किया तथा किसानों से चर्चा की उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे कार्य जारी है और सर्वे के उपरांत सभी पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
मंत्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में पूरी सावधानी बरती जाए तथा कोई भी पात्र किसान छूटने न पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रभावित किसान को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी
राजस्व मंत्री ने ओलावृष्टि से प्रभावित ग्राम रमलखेड़ी, खजुरिया बीना एवं करनावद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ है और सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों, मकानों एवं मवेशियों की क्षति का सर्वे कराकर प्रभावितों को उनकी क्षतिपूर्ति का पूरा मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, अपर कलेक्टर संजीव जैन, बागली एसडीएम शिवम यादव, भेरूलाल अटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

13
1418 views