सोनभद्र- देवरी गांव के नंदलाल को मिला रेशम रत्न सम्मान...
"सिल्क एक्सपो-2025-26" का आयोजन दिनांक 02.02.2026 से 06.02.2026 तक इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में किया गया है। कार्यक्रम में रेशम क्षेत्र में विशिष्ट कार्यों में योगदान हेतु चयनित लाभार्थियों / बुनकरों / उद्यमियों / संस्थानों को "पं० दीनदयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान" से सम्मानित किया गया।
श्री नंदलाल पुत्र स्व. राम प्रसाद निवासी ग्राम देवरी जनपद सोनभद्र को पं० दीनदयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान 2025-26 की श्रेणी-1 (अ)-कोकून उत्पादन (किसानो द्वारा) में विशिष्ट योगदान के लिए प्रथम पुरस्कार माननीय श्री राकेश सचान (माननीय मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा, वस्त्रोद्योग विभाग उ.प्र. के कर कमलों द्वारा मरकरी हॉल, इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर, लखनऊ में मिला है।
पंकज कुमार, सहायक रेशम विकास अधिकारी, सोनभद्र ने बताया कि श्री नंदलाल राजकीय रेशम फार्म देवरी/काचन, जनपद सोनभद्र पर सन् 1983-84 से रेशम कीटपालन कर तसर कोया उत्पादन कार्य से जुड़े हुए हैं साथ ही ये समिति के माध्यम से आस पास के कई किसानों को जोड़ कर रेशम कीटाण्ड उत्पादन और कोया उत्पादन कार्य भी कर रहे हैं। रेशम उत्पादन के प्रति इनकी लगन और समर्पण को देख कर विभाग ने इन्हें राज्य स्तरीय एवं अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण भी दिलाया है साथ ही रेशम के कपड़ों के बुनाई के लिए भागलपुर बिहार का भी एक्सपोजर विजिट कराया है। ये इस क्षेत्र के किसानों के लिए रोल मॉडल हैं। इनकी मेहनत और लगन के बदौलत ही इन्हें प्रदेश में रेशम उत्पादन में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार हेतु चयनित किया गया।