logo

नमकीन के पैसे मांगने पर हमला: शाहजहांपुर में दुकानदार के बेटे का पैर टूटा, दुकान में तोड़फोड़; 5 नामजद व 20 अज्ञात पर केस

शाहजहांपुर।
नमकीन के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक दुकान पर हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार के बेटे का पैर कई जगह से टूट गया, जबकि दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने पांच नामजद और करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के गदियाना चुंगी के पास शनिवार शाम करीब चार बजे की है। निगोही क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी निवासी रामकुमार उर्फ पप्पू के अनुसार, 31 जनवरी को उनका बेटा शिवांशु गदियाना चुंगी स्थित नमकीन की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान खटकाना मोहल्ले के अशोक, काली, भूरा, इकराम और अजय नमकीन लेने दुकान पर आए।

नमकीन लेने के बाद जब शिवांशु ने उनसे पैसे मांगे, तो आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर देख लेने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद शिवांशु ने फोन कर अपने पिता को सूचना दी। रामकुमार अपने अन्य बेटों और साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे ही थे कि तभी आरोपी 15 से 20 साथियों के साथ लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर लेकर वहां आ धमके।

हमलावरों ने रामकुमार और उनके बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान शिवांशु के पैर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसका पैर कई जगह से टूट गया। अन्य परिजनों को भी गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। जान बचाने के लिए पीड़ित दुकान के अंदर घुसकर शटर बंद करने को मजबूर हो गए।

आरोप है कि इसके बाद दबंगों ने दुकान का शटर और बिजली का मीटर तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने रामकुमार की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0
25 views