
मऊगंज: विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुगौली मझियार में आज एक विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया।
ग्राम पंचायत दुगौली मझियार में जन चौपाल संपन्न: पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी ने कानून व्यवस्था और जन समस्याओं पर घेरा
मऊगंज: विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुगौली मझियार में आज एक विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वर्तमान राजनीति के स्वरूप, बिगड़ती कानून व्यवस्था, नशाखोरी और स्थानीय जन समस्याओं पर स्थानीय लोगों के साथ गहन चर्चा की गई।
असुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल
जन चौपाल के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री लक्ष्मण तिवारी ने बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशाखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "जब क्षेत्र के निर्वाचित विधायक प्रदीप पटेल स्वयं को असुरक्षित बता रहे हैं, तो ऐसी स्थिति में आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी किस पर है?"
पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग
चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने पिछले दिनों टोल प्लाजा के पास हुए एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले राजेश के परिवार की अत्यंत दयनीय स्थिति का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राजेश के माता-पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। अत्यंत दुखद यह है कि हादसे के दूसरे दिन ही मृतक की पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया है। परिवार में पहले से ही दो और बच्चियाँ हैं। ऐसी हृदय विदारक स्थिति को देखते हुए श्री तिवारी और उपस्थित जनसमूह ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहयोग और सामाजिक न्याय प्रदान करने की मांग की।
प्रमुख स्थानीय मांगें
स्थानीय लोगों ने श्री तिवारी को अवगत कराया कि चहला वाया लटियार-हनुमाना का जो आम रास्ता सदियों से चालू था, उसे अब बंद कर दिया गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। इसके साथ ही मझियार स्कूल के उन्नयन की मांग भी एक स्वर में उठाई गई।
सामाजिक समरसता का संदेश
मुख्य अतिथि श्री लक्ष्मण तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखना समय की मुख्य आवश्यकता है। उन्होंने 'गडरा कांड' और 'तेलिया पाती' जैसी घटनाओं को सामाजिक समरसता के लिए घातक बताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "मैं सदैव न्याय के पक्ष में रहा हूँ और रहूँगा। किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय या अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या संप्रदाय का हो।"
कार्यक्रम की रूपरेखा
जन चौपाल की अध्यक्षता पूर्व शिक्षक लक्ष्मण द्विवेदी (दुगौली) ने की और कार्यक्रम का संचालन श्री रुद्रप्रसाद तिवारी (मझियार) ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित श्री राम गोपाल द्विवेदी (चहला) और श्री शालिग्राम द्विवेदी (नया गांव) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। कार्यक्रम का भव्य आयोजन पूर्व सरपंच अनिरुद्ध द्विवेदी (चहला) द्वारा किया गया।
प्रमुख उपस्थिति: कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामदेव तिवारी, ददन तिवारी, पन्ना लाल यादव, राम नरेश यादव, कमलेश पटेल, राम सिया यादव, दिगंबर, मोतीलाल, मिठाई लाल आदिवासी, वैद्यनाथ जैस्वाल, राजेंद्र मिश्र, कमलेश तिवारी, रामसागर मिश्र, महेश तिवारी, कृष्णा कुमार द्विवेदी, रामशंकर मिश्रा, ब्रिज लाल पटवा, गुड्डू हरिजन (उप सरपंच), कौशल हरिजन, तीरथ हरिजन और साधुलाल सहित दर्जनों महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।