
आर्द्रभूमि संरक्षण से पर्यावरण और जैव विविधता को मिलेगा संबल : कलेक्टर
वेटलैंड बड़बेला तालाब स्थित लव-कुश वाटिका में सोमवार को कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में विश्व आर्द्रभूमि दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि आर्द्रभूमियां प्रकृति का वह अनमोल उपहार हैं, जो पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ मानव जीवन, वन्यजीव एवं जैव विविधता के अस्तित्व की आधारशिला हैं। तालाब, झीलें, नदियां एवं दलदली क्षेत्र प्राकृतिक जल भंडारण का कार्य करते हुए भू-जल स्तर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उप वन संरक्षक सागर पंवार ने विश्व आर्द्रभूमि दिवस के उद्देश्य एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं सहायक वन संरक्षक संजू कुमार शर्मा ने जिले की प्रथम चिन्हित वेटलैंड बड़बेला तालाब के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बड़बेला तालाब एवं लव-कुश वाटिका पर आधारित डॉक्यूमेंट्री एवं पुस्तिका का विमोचन किया गया। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के पूर्व डीन डॉ. मधुसूदन आचार्य ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिले में पर्यावरण संरक्षण के उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सेल्फी प्वाइंट तथा लव-कुश वाटिका भ्रमण के लिए साइकिल सुविधा का उद्घाटन किया गया।
Aima media jhalawar