10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से, कल से आने लगेगी परीक्षा सामग्री
दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 12 फरवरी से शुरू होगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। शिक्षा अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा सामग्री भी 4 फरवरी से जिले में आने लगेगी। ये कार्य दो से तीन दिन चलेगा। आंकड़ों पर नजर डालें तो सामने आया कि बीते साल के मुकाबले इस साल दोनों बोर्ड परीक्षाओं में ढाई हजार छात्र घटे हैं। इस साल दसवीं बोर्ड में 20 हजार 861 छात्र शामिल होंगे। पिछले साल में 22 हजार 120 छात्रों का पंजीयन था।बारहवीं बोर्ड में इस साल 18 हजार 160 छात्रों का पंजीयन है, जबकि पिछले साल 18 हजार 468 छात्रों का पंजीयन था। यानी इस साल करीब ढाई हजार छात्र परीक्षा में कम शामिल होंगे। एडीइओ माध्यमिक शिक्षा कृष्ण गोपाल शर्मा का मानना है कि संभवतया सीबीएसई या ओपन बोर्ड आदि परीक्षाओं में शामिल होने से भी परीक्षाओं के आंकड़ों पर मामूली फर्क पड़ जाता है। परीक्षा को लेकर जिले के 124 परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों व पेपर कॉर्डिनेटरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।उन्होंने बताया कि 10वीं की परीक्षा 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी 2026 तक होगी, जो 17 दिन चलेगी। 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक होगी, जो 27 दिन तक चलेगी। दसवीं की परीक्षा के दौरान दो रविवार और 6 अंतराल के साथ करीब 7 दिन और 12वीं की परीक्षा के दौरान चार रविवार और दो छुट्टी होली और धुलंडी की होगी। बाहरवीं की परीक्षा 28 दिन चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। बता दें कि बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश के 19 लाख 86 हजार 422 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे।