logo

केलो बिहार में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

किराये के मकान में बाहर से महिलाओं को लाकर कराया जा रहा था अनैतिक कारोबार
आपत्तिजनक सामग्री व मोबाइल जब्त, पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई
रायगढ़, 2 फरवरी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने केलो बिहार कॉलोनी में देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार द्वारा बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर तत्काल एसएसपी को अवगत कराया गया, जिसके बाद संयुक्त टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से रेड की गई।
पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। संकेत मिलते ही मकान की घेराबंदी कर छापा मारा गया। मौके पर मकान के अंदर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार तथा नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड पाए गए। मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
पूछताछ में सामने आया कि डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाता था तथा स्वयं इसका संचालन व दलाली करता था। नागेंद्र विश्वकर्मा इसी सिलसिले में वहां आया हुआ था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दी गई रकम एवं आपत्तिजनक सामग्री गवाहों के समक्ष जब्त की।
गिरफ्तार आरोपी:
डिंपी उर्फ राहुल इजारदार (40 वर्ष), पिता जीवनलाल इजारदार, निवासी केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
नागेंद्र विश्वकर्मा (35 वर्ष), पिता विनोद विश्वकर्मा, निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड, रायगढ़
दोनों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 3, 4, 5 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी का बयान:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा —
“जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर व साइबर थाना की टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

20
1262 views