logo

गोरखपुर में प्रेम-प्रसंग बना खौफनाक कत्ल

गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बरघट्टा पुल के नीचे झाड़ियों में एक महिला का नग्न शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई। शव की हालत देखकर साफ था कि महिला की बेरहमी से हत्या की गई है—सिर बुरी तरह कुचला हुआ था।
शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी, निवासी मुंबई के रूप में की।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिया शेट्टी चार दिन पहले अपने प्रेमी विजय की तलाश में मुंबई से ट्रेन द्वारा गोरखपुर पहुंची थी। पुलिस ने उसका ट्रेन टिकट भी बरामद किया है। गोरखपुर पहुंचने के बाद विजय ने उसे अपने गांव ले जाने के बजाय पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक किराए के मकान में ठहराया। आधार कार्ड बनवाने और शादी का झांसा देकर वह लगातार प्रिया को भरोसे में लेता रहा।
इसी बीच विजय ने पूरे मामले की जानकारी अपनी पत्नी को दे दी। इसके बाद पति-पत्नी दोनों ने मिलकर प्रिया से हमेशा के लिए छुटकारा पाने की साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात जब प्रिया नशे की हालत में थी, तब आरोपी पति-पत्नी उसे स्कूटी से गोबरहिया नाले के पास ले गए। वहां पहले गला कसकर उसकी हत्या की गई, फिर पहचान मिटाने के इरादे से ईंट-पत्थरों से सिर और चेहरे को बेरहमी से कुचल दिया गया। हत्या के बाद शव को पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
शुक्रवार सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे एसएसपी राज करन नय्यर ने बताया कि हत्या कहीं और की गई और शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां लाकर फेंका गया। घटनास्थल के पास शव घसीटने के निशान भी मिले हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मुख्य आरोपी विजय पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव का रहने वाला है और पहले से शादीशुदा है। वह मुंबई में एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात प्रिया से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

8
194 views