
अंतराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश,दो बड़ी चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। 29 जनवरी की शाम को जगदलपुर में दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं के बाद बस्तर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ा सफलता हासिल की है। आरोपियों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के सनसिटी और बोधघाट थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी में स्थित सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।पुलिस सूत्रों के अनुसार, शातिर चोरों ने चोरी के दौरान मोबाइल का उपयोग नहीं किया और संचार के लिए वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद बस्तर पुलिस ने लगभग 400 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर ली। जानकारी के अनुसार, चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सीधे विशाखापट्टनम रवाना होने का प्रयास किया, ताकि बस्तर पुलिस की पकड़ से बच सकें। लेकिन पुलिस ने आरोपियों की हर गतिविधि पर नजर रखी और जब वे वापस अपने-अपने ठिकानों की ओर रायपुर के रास्ते जाने की फिराक में थे, तब जगदलपुर के पास से चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:
अभिषेक खंडारा, निवासी पंजाब
विशाल वाल्मीकि, निवासी हरियाणा
नरेंद्र सिंह, निवासी भिलाई
विक्की कुमार वर्मा, निवासी दुर्ग
पुलिस ने बताया कि शातिर चोरों ने महज दो घंटे के भीतर दो बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। उनके द्वारा चोरी की गई संपत्ति में नगद और सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे, जिनकी कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है। बस्तर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले आरोपी फरार हो चुके थे और वे किसी भी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए योजना बनाकर विशाखापट्टनम जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि उनके पास से चोरी का सामान बरामद होने की संभावना है और इसके लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
जगदलपुर पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं और उनका कई राज्यों में अपराधिक रिकॉर्ड है। बस्तर पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। एसपी बस्तर ने कहा, "जगदलपुर पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों में अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बस्तर में कानून व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित की है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।" इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी और अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और तत्परता उजागर होती है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सहयोगियों और चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है।