logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भरसवां रोड पर दबंगों का कब्जा, सड़क काटकर बनाया नाला-चबूतरा स्कूली बसों व भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित, हादसे की आशंका बढ़ी

कौशांबी।
जनपद कौशांबी की मंझनपुर तहसील अंतर्गत भर्सावां गांव स्थित Bharasawan Road (Bharsawan–Uno Link Road) पर कथित रूप से सड़क काटकर नाला एवं चबूतरा बनाए जाने से क्षेत्र में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध निर्माण गांव के ही दबंग व्यक्ति राम लाल मौर्य द्वारा कराया जा रहा है, जिससे सार्वजनिक मार्ग संकरा हो गया है और यातायात लगातार बाधित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह लिंक रोड क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे प्रतिदिन स्कूली बसों, ट्रकों, ट्रैक्टरों और अन्य भारी वाहनों का आवागमन होता है। सड़क के बीचो-बीच नाला और चबूतरा बन जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर सुबह और दोपहर के समय स्कूली बच्चों से भरी बसों के गुजरने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस अवैध निर्माण का विरोध किया और सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की, तो कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। इससे गांव में भय और तनाव का माहौल है। लोगों का आरोप है कि दबंगई के बल पर सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा किया जा रहा है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यदि किसी आपात स्थिति में एंबुलेंस या दमकल वाहन को इस मार्ग से गुजरना पड़ा, तो बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। मार्ग बाधित होने से आमजन, किसान, दुकानदार और छात्र सभी प्रभावित हो रहे हैं।
पीड़ित ग्रामीणों ने पुलिस, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण, अवैध निर्माण हटाने, सार्वजनिक मार्ग को पूर्ववत कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और जनआंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने मीडिया बंधुओं से अपील की है कि जनहित और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित हो और समय रहते समाधान सुनिश्चित हो सके।

38
1221 views

Comment