
माध्यमिक शिक्षा मण्डल परीक्षा 2026: कलेक्टर की अध्यक्षता में तैयारी बैठक, व्यापक दिशा-निर्देश जारी
Saiyad Ishak Ali .Dindori
डिण्डौरी (म.प्र.) — माध्यमिक शिक्षा मण्डल की वर्ष 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए दिनांक 31 जनवरी 2026 को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट परिसर के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, कलेक्टर प्रतिनिधि, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री राजेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमति सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमति श्वेता अग्रवाल सहित जिले के समस्त प्राचार्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी परीक्षा केन्द्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठक व्यवस्था और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही विद्यार्थियों के लिए तनावमुक्त वातावरण बनाने पर विशेष जोर दिया। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी हेतु अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर ही थाने/चौकी से प्राप्त किए जाएं तथा निकासी की कार्यवाही केन्द्राध्यक्ष/सहायक केन्द्राध्यक्ष द्वारा थाना प्रभारी एवं कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रश्नपत्र परीक्षा तिथि एवं विषय के टाइम टेबल के अनुसार ही निकाले जाएं।
परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं अन्य कर्मचारियों के लिए मोबाइल फोन का उपयोग और लाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पूर्व से लेकर परीक्षा समाप्ति तक केन्द्र से 100 गज की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों और अवांछनीय गतिविधियों पर रोक रहेगी। विद्यार्थियों की तलाशी शालीनता से लेने तथा छात्राओं की तलाशी केवल शिक्षिकाओं द्वारा किए जाने के निर्देश दिए गए।
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराने, गोपनीय सामग्री को मण्डल के निर्देशानुसार सुरक्षित रखने तथा संबंधित चौकी/थाने में जमा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों से यह प्रमाण पत्र लेने के निर्देश दिए गए कि उनके परिजन संबंधित परीक्षा में शामिल नहीं हो रहे हैं। प्रायोगिक परीक्षाओं हेतु बाह्य परीक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
परीक्षार्थियों का विवरण:
वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं में 9192 नियमित, 594 स्वाध्यायी, कुल 9786 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। कक्षा 12वीं में 6389 नियमित, 1104 स्वाध्यायी, कुल 7493 विद्यार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 17,279 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिले में कुल 78 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7 केन्द्र अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। कक्षा 10वीं के लिए 78 तथा कक्षा 12वीं के लिए 65 केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने की अपील की।