logo

पुलिस ने बिना ई-रवाना बिल खनन सामग्री भरा टिप्पर पकड़ा, नंबर प्लेट मिट्टी से छिपाकर भागने की कोशिश नाकाम

अमनदीप सिंह मन्नी /पंचकूला/ 31 जनवरी:- पंचकूला के रामगढ़ क्षेत्र में आज पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान खनन सामग्री से लदे एक टिप्पर को बिना ई-रवाना बिल के पकड़ने मे सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, आज शाम रामगढ़ चौकी इंचार्ज तजिन्द्र पाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मुस्तैदी से नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध टिप्पर को रुकने का इशारा किया गया। जब पुलिस टीम ने वाहन की जांच की और चालक से ई-रवाना बिल माँगा, तो चालक कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टिप्पर को कब्जे में लेकर रामगढ़ चौकी में खड़ा करवाया। इसके पश्चात माइनिंग विभाग को सूचित किया गया और विभाग की मौजूदगी में वाहन को नियमानुसार इंपाउंड कर दिया गया है।

इस मामले पर विस्तृत जानकारी देते हुए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि खनन माफिया पुलिस की नजरों से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आया कि चालक ने पुलिस और सीसीटीवी कैमरों से पहचान छिपाने के लिए टिप्पर की नंबर प्लेट पर गीली मिट्टी लेप रखी थी। हमारी टीम ने न केवल अवैध खनन के तहत कार्रवाई की है, बल्कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने के जुर्म में चालक का अलग से चालान भी किया है।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने स्पष्ट किया कि पंचकूला पुलिस की विभिन्न टीमें फील्ड में पूरी तरह सक्रिय हैं और संदिग्ध वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भविष्य में भी इसी प्रकार की छापेमारी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले में अवैध खनन पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।

59
3626 views