logo

नगर निगम चुनाव 2026: धनबाद में किसका चलेगा जादू, कौन होगा बाहर? 2026 का नगर निगम चुनाव: क्या सोशल मीडिया तय करेगा धनबाद का मेयर?

वोट की जंग सड़कों से सोशल मीडिया तक, हर घंटे बढ़ रहा ऑनलाइन प्रचार

धनबाद-:नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर धनबाद का सियासी पारा चरम पर है। शहर में जहां एक ओर प्रत्याशी गली-मोहल्लों में जनसंपर्क कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया चुनावी अखाड़े में तब्दील हो चुका है।

फेसबुक, व्हाट्सएप और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर जनता की नाराजगी और सवाल खुलकर सामने आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा निशाने पर पूर्व मेयर की कार्यशैली है। लोग बीते कार्यकाल को लेकर सवाल उठा रहे हैं और नगर निगम में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। कई यूजर्स ने पूर्व मेयर को विफल बताते हुए नगर निगम को “भ्रष्टाचार का अड्डा” तक करार दिया है। कुछ वर्ष पूर्व मात्र 66 दिनों में नगर आयुक्त के तबादले का मामला भी फिर से चर्चा में है, जिसे लेकर उस समय सरकार की भी काफी आलोचना हुई थी।

चुनावी प्रचार का बड़ा हिस्सा अब सोशल मीडिया पर शिफ्ट हो गया है। औसतन हर घंटे प्रत्याशियों के जनसंपर्क और सभाओं से जुड़ी पोस्ट सामने आ रही हैं। फेसबुक पर सबसे अधिक प्रचार देखने को मिल रहा है, जबकि व्हाट्सएप ग्रुप्स में भी चुनावी संदेशों की बाढ़ है। कई राजनीतिक दलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रोफाइल फोटो बदलकर चुनावी संदेश और वादों के साथ वोट की अपील शुरू कर दी है।

इस बीच मतदाता सूची को लेकर भी भारी असंतोष देखा जा रहा है। सूची में महिला को पुरुष दर्शाने, एक ही नाम पर दो-दो आईडी होने जैसी गड़बड़ियों ने मतदाताओं की चिंता बढ़ा दी है। लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर अब आम मतदाता पहले से ज्यादा जागरूक नजर आ रहा है। नेता अगर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, तो जनता उन्हें परख भी रही है। झूठे या खोखले दावों पर प्रत्याशियों की जमकर ट्रोलिंग हो रही है। शहर की बदहाल सड़कों, नालियों, जलापूर्ति और साफ-सफाई की तस्वीरें साझा कर लोग नेताओं को आईना दिखा रहे हैं।

कुल मिलाकर, धनबाद नगर निगम चुनाव 2026 सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पूरी ताकत से लड़ा जा रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है—क्या जनता बदलाव के मूड में है, या किसी पुराने चेहरे पर फिर से भरोसा जताएगी? इसका जवाब आने वाले चुनावी नतीजों में सामने आएगा।

#vandebharatnews #dhanbadnews #dhanbadcity #DHANBAD_JHARKHAND #jharkhand #dhanbad #dhanbadmayorelections2026 #dhanbadnagarnigamelection #Vande

0
403 views