किसानों के बीच पहुँचीं डीएम प्रतिभा रानी, खुद कटनी कर बढ़ाया भरोसा
किसानों के बीच पहुँचीं डीएम प्रतिभा रानी, खुद कटनी कर बढ़ाया भरोसा
संवाददाता राजीव कुमार यादव
शिवहर जिले में उस समय एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब जिलाधिकारी प्रतिभा रानी स्वयं खेत में उतरकर किसानों के साथ फसल कटनी करती नजर आईं। हाथ में हसुआ लेकर खेत में खड़ी डीएम को देखकर वहां मौजूद ग्रामीण और किसान आश्चर्यचकित भी हुए और उत्साहित भी। आमतौर पर खेतों में किसानों को कटनी करते देखा जाता है, लेकिन जब जिले की शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी स्वयं खेत में काम करती दिखें, तो यह नज़ारा प्रशासन और किसानों के बीच मजबूत होते रिश्ते का प्रतीक बन जाता है।
दरअसल, फसल कटनी प्रयोग के तहत जिलाधिकारी प्रतिभा रानी पूरनहिया प्रखंड के बखार चंडीहा गांव पहुँची थीं। यहाँ उन्होंने किसान सुनील कुमार सिंह के खेत में ईख (गन्ना) की फसल कटनी का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने स्वयं हसुआ लेकर फसल की कटनी की और पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा तथा समझा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फसल कटनी प्रयोग पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि किसानों को उनकी फसल का सही और न्यायसंगत मूल्यांकन मिल सके। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा भी दिलाया।
स्थानीय किसानों ने जिलाधिकारी की इस पहल की खुलकर सराहना की। किसानों का कहना था कि इस तरह की पहल से प्रशासन और किसानों के बीच विश्वास और भी मजबूत होगा तथा सरकारी योजनाओं पर भरोसा बढ़ेगा।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।