राजस्थान कांग्रेस के 4 नए जिलाध्यक्ष घोषित, सुनील शर्मा को जयपुर शहर की कमान
जयपुर। राजस्थान कांग्रेस संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लगभग अंतिम रूप देते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने गुरुवार देर रात चार और जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी। इसके साथ ही 50 जिलों में से 49 जिलों में अध्यक्ष तय हो गए हैं। अब केवल राजसमंद जिले में नियुक्ति शेष रह गई है।सूत्रों के अनुसार, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर गुरुवार को ही दिल्ली में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई थी। बैठक के तुरंत बाद रात में जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई। इस सूची में जयपुर शहर जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुनील शर्मा को सौंपी गई है। वहीं प्रतापगढ़ में दिग्विजय सिंह पुरावत, झालावाड़ में वीरेंद्र सिंह गुर्जर और बारां में हंसराज मीना को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।प्रदेश में 45 जिलों में पहले ही नियुक्तियां हो चुकी थीं, जहां जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नई नियुक्तियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।