logo

करपावंड थाने में राष्ट्र ध्वज का अपमान!

बकावंड। ‘देशभक्ति जनसेवा’ के सूत्र वाक्य पर चलने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की साख और राष्ट्र की अस्मिता पर बट्टा लगा दिया है बस्तर जिले की करपावंड थाना पुलिस ने।गणतंत्र दिवस पर थाना परिसर में राष्ट्र ध्वज तिरंगे का खुलकर अपमान किया गया। करपावंड थाने में राष्ट्र ध्वज को उल्टा फहरा दिया गया। घंटों पोल पर हमारा प्यारा तिरंगा अपमानित हालत में लटकता रहा। इसे लेकर अंचल के लोगों में खासी नाराजगी देखी जा रही है।
बकावंड विकासखंड में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। हर जगह पूरे सम्मान के साथ राष्ट्र ध्वज तिरंगा फहराया गया, उसे सलामी दी गई, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। चारों ओर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। वहीं जिस पुलिस से उम्मीद रहती है कि वह देश की अस्मिता की रक्षा का दायित्व है, वही पुलिस अगर देश की अस्मिता से खिलवाड़ करने लग जाए, तो इससे ज्यादा दुर्भाग्य की और निंदनीय बात क्या हो सकती है। ऐसा ही देशद्रोह भरा कारनामा किया है बस्तर जिले की करपावंड थाना पुलिस ने। थानेदार से लेकर सिपाही तक राष्ट्र ध्वज का खुलेआम अपमान करते रहे। गणतंत्र दिवस पर में करपावंड थाने में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, मगर यहां देश की शान पर बट्टा लगा दिया गया। तिरंगा उल्टा फहरा दिया गया और मुख्यमंत्री साय के सुशासन को सूली पर टांग दिया गया। आज सुबह गणतंत्र दिवस पर झंडारोहण करते समय करपावंड थानेदार ने राष्ट्र ध्वज के मान सम्मान का जरा भी ध्यान नहीं रखा। थानेदार और पूरे स्टॉफ ने उल्टा झंडा फहरा कर राष्ट्रध्वज का खुलेआम अपमान किया। इसे मामूली चूक या हड़बड़ाहट का नतीजा मात्र नहीं माना जा सकता, क्योंकि राष्ट्र ध्वज घंटों उल्टी हालत में फहरता रहा। थानेदार या किसी अन्य पुलिसकर्मी ने ध्वज को ससम्मान सीधा करने की जरूरत ही नहीं समझी।करपावंड थानेदार अपने कारनामों के लिए जाने जाते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में आयोजित होने वाले मेला मड़ई और साप्ताहिक बाजारों में जुआ खड़खड़ी, अवैध शराब विक्रय, गांजा विक्रय जैसी घटनाएं आम हैं। अब उनके द्वारा देश और राष्ट्र ध्वज के अपमान का मामला सामने आ गया है। इसे लेकर अंचल के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। देशभक्ति जनसेवा की दुहाई देने वाली पुलिस की क्या यही है देशभक्ति और क्या पुलिस महानिदेशक, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और बस्तर पुलिस अधीक्षक करपावंड थानेदार एवं स्टॉफ के खिलाफ कड़ा एक्शन लेंगे?

2
732 views