
आल इंडिया मीडिया एसोसिएशन कार्यालय पर हुआ ध्वजारोहण, दिव्यांग को भेंट की गई इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल
मेरठ। आल इंडिया मीडिया एसोसिएशन के प्रधान कार्यालय पर आज गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश शर्मा एवं मुख्य अतिथि डॉ. योगिता सिंह द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहराया गया तथा देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. योगिता सिंह ने अपने संबोधन में लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक सेवा और मीडिया की जिम्मेदार भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए यूजीसी को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे समाज में एकता के बजाय अलगाव की स्थिति उत्पन्न होगी और सामान्य वर्ग का स्वाभिमान प्रभावित होगा। सामान्य वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए इसे वापस लिया जाना अति आवश्यक है।
आइमा के प्रवक्ता अशोक कुमार गौड़ ने राष्ट्रीय एकता बनाए रखने पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश शर्मा द्वारा एक दिव्यांग व्यक्ति को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जिससे आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। इस मानवीय पहल की उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सराहना की।
कार्यक्रम में बाल कवियत्री गुंजन स्वामी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर श्रीमती कृष्णा देवी, श्रीमती स्वामी, गौरव शर्मा, अतुल शर्मा, विनीत शर्मा, नीरव शर्मा एवं निपु धवन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पवन शर्मा एवं प्रिंस कुमार का विशेष योगदान रहा, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन चरण सिंह स्वामी द्वारा किया गया।