logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नगर सैनिक ने कलेक्टर परिसर में जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर

कोरबा 26 जनवरी। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। नगर सेना (होमगार्ड) के एक जवान ने कथित बर्खास्तगी और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास किया। जवान ने सोमवार को कलेक्टर परिसर में जहर सेवन कर लिया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित नगर सैनिक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से नौकरी से बर्खास्त किए जाने को लेकर मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते वह कलेक्टर परिसर पहुंचा और वहां जहर का सेवन कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने जब उसकी हालत बिगड़ती देखी तो तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार संतोष पटेल की स्थिति नाजुक है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में नगर सेना के जवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। अपने साथी की हालत को लेकर जवानों में गहरा आक्रोश और चिंता देखी गई। कई नगर सैनिकों ने इस घटना को सिस्टम की विफलता बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

8
7 views

Comment