
सिद्धार्थनगर में भव्य रूप से मना उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस व राष्ट्रीय बालिका दिवस
लोहिया कलाभवन में लाइव कार्यक्रम का आयोजन,
सिद्धार्थनगर में भव्य रूप से मना उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस व राष्ट्रीय बालिका दिवस
लोहिया कलाभवन में लाइव कार्यक्रम का आयोजन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
सिद्धार्थनगर, 24 जनवरी 2026।
“विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” की थीम पर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को लोहिया कलाभवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के माननीय गृहमंत्री श्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष गौसेवा आयोग उत्तर प्रदेश श्री महेश कुमार शुक्ल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान डुमरियागंज के सांसद श्री जगदम्बिका पाल, कपिलवस्तु विधायक श्री श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक श्री विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याण योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि श्री महेश कुमार शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया।
सांसद श्री जगदम्बिका पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बन रहा है और सिद्धार्थनगर को भी विकास के पथ पर अग्रसर किया जा रहा है। उन्होंने जिले की पहचान भगवान बुद्ध और काला नमक चावल से होने की बात कही तथा महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया।
विधायक श्री विनय वर्मा ने कहा कि बेटियां भारत का भविष्य हैं और सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आत्मनिर्भरता को प्रदेश की ताकत बताया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों, स्वास्थ्य कर्मियों, ग्राम प्रधानों एवं युवाओं को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चेक प्रदान किए गए। साथ ही काला नमक मार्ट का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा आमजन उपस्थित रहे।