
हांसी में देशभक्ति का ज्वार: विधायक विनोद भयाना ने फहराया 105 फीट ऊंचा तिरंगा; जे सी आई चौक बनेगा सुंदर पार्क।
हजारों हाथों में तिरंगा थामे निकली भव्य यात्रा; शहीदी स्मारक से जेसीआई चौक तक गूंजे 'वंदे मातरम्' के जयघोष, विधायक ने की बड़ी घोषणा
हांसी, 24 जनवरी को जेसीआई हांसी स्टार संस्था के तत्वावधान में रविवार को हांसी शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए जेसीआई चौक पर स्थापित 105 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का विधिवत ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदी स्मारक पर विधायक विनोद भयाना द्वारा पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन करने से हुई। इसके पश्चात उनकी अगुवाई में शहीदी स्मारक से जेसीआई चौक तक एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
जेसीआई चौक पहुंचने पर विधायक विनोद भयाना ने 105 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।
अपने संबोधन में विधायक विनोद भयाना ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, जो हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की निरंतर याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इतने ऊंचे तिरंगे का ध्वजारोहण हर नागरिक के मन में गर्व, आत्मसम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त करता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तिरंगा यात्राएं और राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा युवा पीढ़ी में देशप्रेम और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। विधायक ने इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए जेसीआई हांसी स्टार संस्था की सराहना की।
इस अवसर पर जेसीआई हांसी स्टार संस्था के पदाधिकारियों की मांग पर विधायक विनोद भयाना ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन से बातचीत कर जेसीआई चौक के पीछे स्थित पुलिस चौकी को हटवाकर नगर परिषद के माध्यम से एक सुंदर पार्क का निर्माण करवाया जाएगा।
कार्यक्रम में एसडीएम राजेश खोथ, जेसीआई हांसी स्टार संस्था के प्रधान राजेश बंसल, राजपाल यादव, मार्केट कमेटी प्रधान दिनेश धवन, उप प्रधान सुरजीत गुर्जर, महंत सागर नाथ, युवा भाजपा जिला अध्यक्ष सुखविंदर जाखड़, नवीन ठाकुर, गोलू चावला, विनोद सैनी, महावीर प्रसाद, प्रवीण खटीक, सुभाष यादव, रविंद्र अत्री, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम खांडा, मोहनलाल बंसल, विजय गोयल, रमेश जैन, अमित गामड़िया, सतीश वर्मा, अशोक जैन, विजय जैन, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।