logo

हिमाचल के उपमंडल पछाद के सराहां में विकास चर्चा प्रभारी एडवोकेट मुकेश शर्मा ने की महत्वपूर्ण बैठक, सरकार की योजनाओं और जनसमस्याओ पर हुई विस्तृत चर्चा

सराहां 23जनवरी
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहन में शुक्रवार क़ो प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त विकास चर्चा प्रभारी एवं जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यों की जानकारी पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाना तथा जनता की समस्याओं और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुँचाने के लिए संकलित करना रहा।
इस अवसर पर एडवोकेट मुकेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि परम सम्माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और समावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
उन्होंने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएँ, सुझाव और अपेक्षाएँ विस्तार से सुनीं तथा आश्वस्त किया कि इन सभी विषयों को मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
एडवोकेट मुकेश शर्मा ने यह भी जानकारी दी कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी का पच्छाद विधानसभा क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है, जिसमें कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा। इस दौरे से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, दयाल प्यारी, शिव कुमार ठाकुर, रजत थापा सहित पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों की सराहना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

0
952 views