logo

2027 की तैयारी तेज, मायावती के करीबी ब्रजेश जाटव को झांसी मंडल का मुख्य कोऑर्डिनेटर नियुक्त

जालौन बहुजन समाज पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा डॉ. ब्रजेश जाटव को मुख्य मंडल कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि जीतेन्द्र दयालु को झांसी मंडल प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बताया जा रहा है कि डॉ. ब्रजेश जाटव पार्टी सुप्रीमो बहन मायावती के करीबी माने जाते हैं। मायावती ने उन पर विशेष विश्वास जताते हुए, 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। संगठनात्मक सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में मंडल स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धार देने में डॉ. ब्रजेश जाटव की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।

इसके साथ ही पार्टी ने जालौन जनपद में संगठन को नई दिशा देने के लिए अतर सिंह पाल को बहुजन समाज पार्टी का जालौन जिला अध्यक्ष बनाया है। इन नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नव नियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इन नियुक्तियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

63
4385 views