logo

बालिका दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

खानपुर कलां -21 जनवरी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग द्वारा डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर एवं एम एस डी डी  संगठन के सहयोग से कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खानपुर कलां में बालिका दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन समाज कार्यविभागाध्यक्ष डॉ दीपाली माथुर द्वारा किया गया। महिला सशक्तिकरण फाउंडेशन से श्रीमती काजल ने मुख्यवक्ता के रूप में छात्राओं को सम्बोधित किया। डॉ दीपाली माथुर ने बताया कि बालिका समाज की आधारशिला होती है, जो परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्हें समान शिक्षा, सुरक्षा और अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जब बालिकाओं को सम्मान, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता मिलती है, तब वो न केवल अपना भविष्य संवारती हैं बल्कि पूरे समाज को प्रगति की दिशा में आगे ले जाती हैं। कार्यक्रम के दूसरे सत्र मे कन्या गुरुकुल स्कूल की प्राचार्य सुमिता सिंह ने कहा कि बालिकाएँ आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं।उन्होंने कहा कि बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि शक्ति समझा जाए।  अपने वक्तव्य में श्रीमती काजल ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।  उन्होंने छात्राओं को  विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से  पोस्को एक्ट (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून बच्चों को यौन शोषण, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार से बचाने के लिए बनाया गया है तथा किसी भी प्रकार की असुरक्षित स्थिति में बच्चों को डरने के बजाय सही कदम उठाने के लिए प्रेरित करता है।श्रीमती काजल ने छात्राओं को यह भी समझाया कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित हेल्पलाइन (112 ,181) से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने आत्मविश्वास, जागरूकता और शिक्षा को बालिकाओं की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की और विषय से संबंधित प्रश्न पूछे।
 फोटो कैप्शन :-01 छात्राओं को सम्बोधित करते मुख्यवक्ता। 

0
0 views