
विद्या भारती का गरिमामय आयोजन
छबड़ा विश्व कल्याण के लिए योग्य बेटियों का निर्माण कर रही है विद्या भारती – शिव प्रसाद
बालिका आदर्श विद्या मंदिर के प्रथम तल का लोकार्पण एवं भामाशाह सम्मान समारोह संपन्न
छबड़ा — विद्या भारती द्वारा संचालित मदनलाल भवानीशंकर गुप्त बालिका आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित प्रथम तल का लोकार्पण एवं भामाशाह सम्मान समारोह अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार भार्गव एवं प्रधानाचार्या श्रीमती मनोरमा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय कथा वाचक सुश्री प्रियंका भारती का प्रेरक सानिध्य प्राप्त हुआ। समारोह की मुख्य अतिथि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुष्यंत सिंह, सांसद बारां–झालावाड़ ने की।
मुख्य वक्ता के रूप में शिव प्रसाद, अखिल भारतीय मंत्री (विद्या भारती) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रताप सिंह सिंघवी विधायक छबड़ा, सुरेंद्र अरोड़ा प्रांत मंत्री, रमेश चंद मेहता विभाग संघ चालक तथा प्रमोद कुमार राठौर जिला अध्यक्ष सम्मिलित रहे।इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं भामाशाहों का सम्मान किया गया। समाज के सहयोग से निर्मित बालिका आदर्श विद्या मंदिर भवन के प्रथम तल के लोकार्पण उपरांत आयोजित कार्यक्रम में लगभग 2500 गणमान्य नागरिकों एवं मातृशक्ति ने सहभागिता की। मुख्य वक्ता शिव प्रसाद ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के आदर्श स्वरूप के माध्यम से हिंदुत्वनिष्ठ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत भावी पीढ़ी का निर्माण कर रही है।बालिका विद्यालयों के माध्यम से योग्य बेटियों का निर्माण कर देश को पुनः विश्व गुरु बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। यहां अध्ययनरत छात्राओं में रानी लक्ष्मीबाई जैसा नेतृत्व, अहिल्याबाई जैसा कृतित्व एवं मां जीजाबाई जैसा ममत्व विकसित किया जाता है। यह विद्यालय व्यवसाय का केंद्र नहीं, बल्कि संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। मुख्य अतिथि श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे कार्यों की आधारशिला हिंदुत्व है। देश एवं धर्म की रक्षा हेतु चरित्रवान एवं संस्कारवान पीढ़ी का निर्माण विद्या भारती के विद्यालयों में हो रहा है। मंचासीन अतिथियों का परिचय विद्या भारती जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने कराया। समारोह की प्रस्तावना एवं प्रतिवेदन विद्यालय समिति सचिव नरेंद्र कुमार सोनी ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य अमृतलाल मीणा ने किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक डॉ. राधेश्याम गर्ग, डॉ. विमल कुमार जैन (प्रांत सह मंत्री, विद्या भारती चित्तौड़), महावीर प्रसाद गौतम (अध्यक्ष, विद्या भारती कोटा) सहित जिला कार्यकारिणी के गजानंद नागर, पुरुषोत्तम स्वरूप नामा, सरोज दीक्षित, अशोक कुमार योगी, धनराज मालव, ओम सोनी, मधुर, सतीश अरोड़ा, अनिल कुमार शर्मा, कमलेश चौरसिया आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संगीतमय राष्ट्रगान के साथ हुआ।