logo

महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमला, चार घायल

शाहजहांपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत काशीराम कॉलोनी में रविवार रात महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काशीराम कॉलोनी निवासी बादल की पत्नी कामिनी रविवार रात करीब नौ बजे सहेली शिवानी के साथ कनौजिया अस्पताल के पास से दवा लेकर घर लौट रही थीं। जैसे ही दोनों कॉलोनी की सड़क पर टंकी के पास पहुंचीं, वहां मौजूद जितिन पुत्र प्रहलाद उनसे टकरा गया। आरोप है कि विरोध करने पर जितिन ने महिला का हाथ पकड़कर जबरन खींचने का प्रयास किया। महिला के बचाव करने पर आरोपी ने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और धारदार वस्तु से महिला के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
बताया गया कि बीच-बचाव करने पर आरोपी ने अपने परिजनों व अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद महिला, उसकी सहेली और मदद को पहुंचे लोगों पर लात-घूंसे, ईंट-पत्थर व धारदार हथियारों से हमला किया गया। शोर सुनकर पहुंचे महिला के पति बादल और पड़ोसी करन गुप्ता को भी पीटा गया।
घटना में कामिनी, शिवानी, बादल और करन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। महिला के सिर में गहरे घाव आए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

1
144 views