
मेसकौर प्रखंड कार्यालय में जनसुनवाई शुरू, सबका सम्मान, जीवन आसान' योजना के तहत अधिकारीयों ने सुनी शिकायतें।
मेसकौर
बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' कार्यक्रम के तहत 'सबका सम्मान, जीवन आसान' योजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत 19 जनवरी से सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की नई व्यवस्था शुरू हुई है। अब हर सोमवार और शुक्रवार को अधिकारी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम जनता की शिकायतें सुनेंगे और उनका निपटारा करेंगे।
इसी क्रम में सोमवार को मेसकौर अंचल कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। अंचलाधिकारी अभिनव राज और बीडीओ अश्वनी कुमार ने कार्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनीं। फरियादियों से आवेदन लिए गए और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया गया।
जनसुनवाई के दौरान कार्यालय में आगंतुकों के लिए बैठने और मिलने की उचित व्यवस्था की गई थी। पीने के पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया। प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया और उनके निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। शिकायतों के निराकरण की सतत अनुकरण व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि मामलों में अनावश्यक देरी न हो।
अंचलाधिकारी अभिनव राज और बीडीओ अश्वनी कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार और शुक्रवार को अधिकारी सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से दूर-दराज से आने वाले लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें पहले अधिकारियों से मिलने में परेशानी होती थी। अब उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहे और जनसुनवाई में सक्रिय भूमिका निभाई। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा, साथ ही कार्यों में पारदर्शिता आएगी।