
ओरसा घाटी में दर्दनाक बस हादसा, 6 की मौत, 87 घायल
लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से महुआडांड आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 87 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
मृतकों में एक पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। वहीं कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
करीब 100 यात्री थे बस में सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 100 यात्री सवार थे। ओरसा घाटी के घुमावदार रास्ते पर अचानक बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी।
प्रशासन ने तुरंत शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
कार्मेल हॉस्पिटल में 27 घायल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड में 60 घायल
घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल परिसर और बरामदे में भी उपचार किया जा रहा है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित के नेतृत्व में सभी स्वास्थ्य कर्मी अलर्ट मोड में कार्य कर रहे हैं।
प्रशासनिक व राजनीतिक प्रतिनिधि मौके पर मौजूद
घटनास्थल पर एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया, थाना प्रभारी मनोज कुमार लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। इसके साथ ही अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल और कांग्रेस नेता अजीत पाल कुजूर भी मौके पर उपस्थित रहे।
प्रशासन ने बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक व घायल छत्तीसगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।