
अर्जुनपुर में तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की बैठक संपन्न, तटबंध को बताया जीवन रेखा
अर्जुनपुर में आज दिनांक 17 जनवरी को तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की एक अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए। सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में गंगापार क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए तटबंध निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए हर स्तर पर सहयोग और संघर्ष का संकल्प लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिना तटबंध के गंगापार क्षेत्र का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। हर वर्ष आने वाली बाढ़ से जन-धन की भारी क्षति होती है, जिससे लोगों के घर, खेत-खलिहान और जीवन अस्तित्व के संकट में पड़ जाते हैं। तटबंध बनने से क्षेत्र में स्थायी समाधान मिलेगा और खुशहाली आएगी।
तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि तटबंध लाखों लोगों के लिए जीवन रेखा साबित होगा। इसके निर्माण से न केवल लोगों के घर-मकान और खेती सुरक्षित होगी, बल्कि आम जनमानस को बाढ़ की त्रासदी से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र का बच्चा-बच्चा तटबंध चाहता है। साथ ही उन्होंने जल्द ही खड़हर से अटेना घाट तक प्रस्तावित पदयात्रा की घोषणा की, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल होंगे। यह यात्रा जनपद के इतिहास में एक ऐतिहासिक जनआंदोलन बनेगी।
समाजसेवी केशव भान साध ने कहा कि हर वर्ष आने वाली बाढ़ क्षेत्र में भारी तबाही मचाती है, इसलिए उत्तर प्रदेश सरकार को जल्द से जल्द तटबंध निर्माण कराना चाहिए।
सामेंद्र सिंह, प्रधान अर्जुनपुर ने कहा कि बाढ़ के दौरान लोगों के सामने जीवन-मरण का संकट खड़ा हो जाता है और बीमारों को अस्पताल पहुंचाना भी कठिन हो जाता है।
अखिलेश तिवारी, प्रधान खुटिया ने तटबंध को क्षेत्र बचाने का एकमात्र विकल्प बताया और कहा कि लगातार बाढ़ से गांवों का अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने कहा कि सच्चा जनसेवक वही है जो जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देता है, और आज तटबंध समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
पूर्व प्रधान अर्जुनपुर कैलाश सिंह ने कहा कि क्षेत्र का एक-एक व्यक्ति तटबंध निर्माण के लिए हर प्रकार के संघर्ष को तैयार है।
हाईकोर्ट अधिवक्ता राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू ने भी गंगापार क्षेत्र के लिए तटबंध को अनिवार्य बताया।
बैठक में राजीव वर्मा, आलोक मिश्रा भूरे, सत्यनारायण शाक्य, मनोज यादव, नरसिंह राजपूत, कैलाश सिंह पूर्व प्रधान अर्जुनपुर, सोमेंद्र सिंह प्रधान अर्जुनपुर, अखिलेशपुर प्रधान, हरिहर सिंह, अतुल मिश्रा, रामानंद, बबलू, हरिवंश, देवेश तिवारी, अनूप प्रधान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर तटबंध निर्माण तक आंदोलन को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।