logo

पूर्व मेयर इंदु सिंह करेंगी धनबाद मेयर चुनाव में वापसी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया ऐलान

धनबाद-:धनबाद नगर निगम के आगामी मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में धनबाद की पूर्व मेयर इंदु सिंह ने एक बार फिर मेयर चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह घोषणा करते हुए कहा कि जनता की सेवा के उद्देश्य से वह दोबारा चुनाव मैदान में उतर रही हैं।

प्रेस वार्ता में मौजूद उनकी बहू एवं राष्ट्रीय जनता कामगार संघ की महामंत्री आशनी सिंह ने बताया कि इंदु सिंह धनबाद की पहली मेयर रह चुकी हैं,

ऐसे में इस बार उनकी दावेदारी पूरी तरह स्वाभाविक है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम के सभी 55 वार्डों से इंदु सिंह को व्यापक समर्थन मिल रहा है और जनता की मांग पर ही उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। साथ ही राष्ट्रीय जनता कामगार संघ का भी उन्हें पूर्ण समर्थन प्राप्त है।

गौरतलब है कि वर्ष 2010 में हुए धनबाद नगर निगम के पहले चुनाव में इंदु सिंह मेयर पद पर निर्वाचित हुई थीं, उस समय यह पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। इस बार मेयर की सीट अनारक्षित (जनरल) है, जिससे चुनाव को लेकर मुकाबला और भी रोचक हो गया है।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो आगामी 10 से 15 दिनों में धनबाद की राजनीति के कई दिग्गज मेयर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर सकते हैं। दो चुनावों के बाद पहली बार मेयर सीट अनारक्षित होने से धनबाद नगर निगम का यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है।

22
1617 views