logo

आदिलाबाद में मतगणना के दौरान हिंसा, एसआई पर हमला

आदिलाबाद, आदिलाबाद जिले के गुढ़ीहटनूर मंडल अंतर्गत सीतागोंडी गांव में चुनावी मतगणना के दौरान अचानक हालात तनावपूर्ण हो गए। मतगणना केंद्र के पास भीड़ जमा होने पर पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने की कोशिश की, इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने मावला थाने के एसआई पर हमला कर दिया। हमले में एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतगणना के दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग समूहों में इकट्ठा हो गए थे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने अचानक एसआई पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पास खड़ी पुलिस जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में घायल एसआई को पुलिसकर्मियों ने तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसआई पर हमला करने वालों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सीतागोंडी गांव और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। इसी दौरान, प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
रिपोर्टर
आड़े जगदीश आदिलाबाद

0
0 views