
वसई–विरार मनपा चुनाव आज निर्णायक दौर में, 1,335 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
रिर्पोट:
संवाददाता निशांत शर्मा
पालघर महाराष्ट्र मुंबई
वसई–विरार, मुंबई:
वसई–विरार शहर महानगरपालिका के आम चुनाव अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। कल होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कल सुबह से ही प्रशासनिक स्टाफ को मतदान केंद्रों पर तैनात किया जाएगा।
शहर में कुल 1,335 घोषित मतदान केंद्रों पर मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा। इस महत्त्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए करीब 8,000 सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो मतदान कार्य को सफल बनाने में जुटे रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 1,000 से 1,500 पुलिसकर्मियों को विभिन्न मतदान केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है। इस प्रकार कुल मिलाकर 9,000 से 10,000 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस संबंध में वसई–विरार शहर महानगरपालिका आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मतदाताओं से निर्भय होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की गई है।