logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लुधियाना में शीत लहर का कहर, घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

लुधियाना:
शहर में शीत लहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया, जबकि आसपास के इलाकों में तापमान 2 डिग्री तक पहुंच गया है। हाड़ कंपाने वाली ठंड के साथ सुबह तड़के और देर रात घने कोहरे के कारण विज़िबिलिटी में भारी कमी देखी जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
घने कोहरे का असर खासतौर पर लुधियाना–चंडीगढ़, लुधियाना–जगराओं और लुधियाना–मलेरकोटला हाईवे पर देखने को मिल रहा है, जहां वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। कोहरे के कारण कई जगह यातायात जाम जैसी स्थिति बनी रही।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ केंद्र द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 13 जनवरी के लिए रेड अलर्ट तथा 14 से 16 जनवरी तक येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने अगले 2–3 दिनों तक घना से घना कोहरा पड़ने की संभावना जताई है।
हिमाचल प्रदेश में हुई ताज़ा बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ नजर आ रहा है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। ठिठुरन के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे और त्योहारी सीजन के बावजूद लुधियाना के बाजारों में रौनक कम देखने को मिली।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सुबह तड़के सफर करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें, वाहन धीमी गति से चलाएं और फॉग लाइट का प्रयोग करें। कोहरे के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।

41
433 views

Comment