
पलामू में अवैध अफीम की खेती पर बड़ा प्रहार, 8 एकड़ फसल नष्ट
पलामू - जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसमार के जंगली इलाके में वन भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को पूर्ण रूप से नष्ट किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस संयुक्त अभियान के दौरान करीब 04 एकड़ क्षेत्र में लगी अवैध अफीम की फसल को विनष्ट किया गया। इस कार्रवाई में पांकी थाना के पदाधिकारी पु०अ०नि० रविन्द्र राहुल साय, स०अ०नि० श्यामलाल यादव, स०अ०नि० रामनाथ मंडल सहित पांकी थाना एवं ताल पिकेट के जवानों के साथ वन विभाग की टीम भी शामिल रही।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध अफीम की खेती में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। नाम–पता सत्यापन के बाद वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के अंतर्गत वन वाद दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुंडीलपुर के जंगलों में भी विभिन्न स्थानों पर लगभग 04 एकड़ भूमि में लगी अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया है। इस मामले में भी संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पलामू पुलिस और वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध आगे भी लगातार और सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।