मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने रांची में हीरो हॉकी इंडिया लीग (मेंस) 2025-26 का किया उद्घाटन
रांची--:मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित हीरो हॉकी इंडिया लीग (मेंस) 2025-26 के प्रथम मुकाबले का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रोमांचक मैच का आनंद लेते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।स्टेडियम में राज्यभर से आए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जो झारखंड में हॉकी के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हीरो हॉकी इंडिया लीग जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से झारखंड में हॉकी को नई गति मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार खेलों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि यहां के युवा ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर सकें।विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य की खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत आधारभूत संरचनाओं का विकास कर रही है, जिसमें स्टेडियमों का आधुनिकीकरण और प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना प्रमुख है।यह आयोजन झारखंड की खेल नीति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।