लोकतंत्र की देहरी पर दस्तक देता जनाक्रोश।
मनरेगा से आंगनबाड़ी तक, गरीब के हक पर वार- : निर्मल सिंह
Ambala News ... हरियाणा
*मनरेगा बचाओ संघर्ष अभियान प्रतीकात्मक विरोध कार्यक्रम।*
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देशानुसार मनरेगा बचाओ संघर्ष अभियान के तहत आज जिला कांग्रेस कमेटी, अंबाला द्वारा जगाधरी गेट नगर निगम गेट के पास एक दिवसीय उपवास रखकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर किए जाने की नीतियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना एवं मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करना रहा।
*कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंबाला शहरी एवं ग्रामीण पवन अग्रवाल और दुष्यंत राणा ने की।*
*विधायक अंबाला शहर चौधरी निर्मल सिंह का बयान*
कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों पर तीखा, किंतु विवेकपूर्ण प्रहार किया। अपने संबोधन और मीडिया से संवाद में उन्होंने कहा कि आज देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने पर योजनाबद्ध तरीके से चोट की जा रही है, और इसके दुष्परिणाम सबसे पहले गरीब, मजदूर, महिलाएँ और युवा झेल रहे हैं।
चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि चुनावी मौसम आते ही संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों की अचानक सक्रियता यह सिद्ध करती है कि सत्ता का इस्तेमाल जनहित के लिए नहीं, बल्कि असहमति को दबाने के लिए हो रहा है। यह प्रवृत्ति लोकतंत्र की आत्मा के विरुद्ध है और नागरिक स्वतंत्रताओं को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि जिस देश ने स्वतंत्रता, समानता और सामाजिक न्याय के आदर्शों पर अपनी नींव रखी, वहीं आज भय और दबाव का वातावरण गढ़ा जा रहा है।
मनरेगा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना केवल एक रोजगार कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की गरिमा का संवैधानिक प्रतीक है। इसे कमजोर करना गरीबों से उनका अधिकार छीनने जैसा है। पंचायतों के अधिकारों को सीमित कर, भुगतान में देरी और हिस्सेदारी का बोझ राज्यों पर डालकर इस योजना की आत्मा को क्षीण किया जा रहा है। इससे गांवों में रोजगार के अवसर सिमट रहे हैं और पलायन बढ़ रहा है, जो सामाजिक असंतुलन को जन्म देता है।
महिलाओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि एक ओर महिला-सम्मान के नारे गूंज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय महीनों से बकाया है। जो महिलाएँ मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा की आधारशिला हैं, वही आर्थिक असुरक्षा से जूझ रही हैं। यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के प्रति संवेदनहीनता है।
युवाओं की पीड़ा पर चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का क्षरण हो चुका है। अंकों और कट-ऑफ की दीवारें योग्य अभ्यर्थियों के सामने दीवार बन गई हैं। इससे एक पूरा वर्ग अवसरों से वंचित हो रहा है और निराशा की खाई गहरी होती जा रही है।
*विधायक नारायणगढ़ शैली चौधरी का बयान:*
विधायक शैली चौधरी ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि सामाजिक सुरक्षा की गारंटी है। भाजपा सरकार की नीतियों से आज ग्रामीण बेरोजगारी बढ़ रही है और मजदूर पलायन को मजबूर हैं। कांग्रेस पार्टी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष कर रही है और यह आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।प्रदेश की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और असुरक्षा ने आम नागरिक के जीवन को असहज बना दिया है। बहन-बेटियों की सुरक्षा, किसानों को मुआवजा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएँ—सब कुछ काग़ज़ी घोषणाओं में सिमट गया है। यह शासन की विफलता का दर्पण है।
*जिला अध्यक्ष, अंबाला शहरी एवं ग्रामीण, पवन अग्रवाल एवं दुष्यंत राणा का संयुक्त बयान:*
पवन अग्रवाल एवं दुष्यंत राणा ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा सरकार लगातार बजट कटौती, भुगतान में देरी और काम के अवसर सीमित कर इस योजना को समाप्त करने की साजिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा को बचाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रहेगी और किसी भी कीमत पर मजदूरों के अधिकारों से समझौता नहीं होने देगी।
*संयुक्त बयान*
*पूर्व विधायक जसबीर मलौर, अशोक मेहता पूर्व सूचना आयुक्त एवं रोहित जैन सदस्य सचिव अनुशासन कमेटी, वीरेंद्र सिंह सोमा**
सभी ने संयुक्त रूप से कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, ऐसे समय में मनरेगा जैसी योजना को कमजोर करना अमानवीय है। कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ खड़ी है और मनरेगा बचाओ संघर्ष अभियान को जन-जन तक ले जाया जाएगा।
*संयुक्त बयान*
*पार्षद मिथुन वर्मा एडवोकेट एवं पार्षद प्रतिनिधि इशू गोयल:*
पार्षद मिथुन वर्मा एडवोकेट एवं पार्षद प्रतिनिधि इशू गोयल ने संयुक्त रूप से कहा कि मनरेगा को कमजोर करना सीधे-सीधे गरीबों के हक पर हमला है। नगर निगम स्तर पर भी मनरेगा से जुड़े कार्यों में जानबूझकर बाधाएँ डाली जा रही हैं। कांग्रेस पार्षद मजदूरों की आवाज बनकर हर मंच पर इस अन्याय का विरोध करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी, अंबाला शहर ने सभी कांग्रेसजनों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों का कार्यक्रम में भाग लेकर अभियान को मजबूती देने के लिए आभार व्यक्त किया।
धरना प्रदर्शन में रोहित शर्मा विशु,नीरज ब्लॉक समिति चेयरमैन, कुलदीप सिंह गुल्लू सेवादल जिला प्रधान, बलजीत सिंह रंगा, संदीप नकदोली, नरेश विषयर, लक्ष्मी देवी, तरुण चुग, हरजीत सिंह बब्बल, नवीन गुप्ता , देविंद्र मान, रिम्पी मान, बलबीर सिंह, कमल बाछल, अशोक सोनी , परविंदर कटारिया, विजेंद्र सिंह टोनी गुज्जर, इकबाल सिंह , मोंटी सैनी, सचिन, मम चंद, , किरण राणा, दविंदर बजाज, रविंदर प्रजापति, गौरव कुकरेजा, विक्रमजीत विक्की, हरबीर सिंह, गुलशन, , यादविंदर कोहली, गुरनाम सिंह गामा, प्रीतम सिंह, नरेंद्र गुप्ता, अभय भटनागर, प्रदीप वर्मा, कप्तान सोढ़ी, संजीव फौजी, एवं जिला कांग्रेस कमेटी अम्बाला शहर के सभी वरिष्ठ नेता, पार्षदगण, वार्ड प्रधान, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।